चंबा में 18 साल की लड़की ने उठाया खौफनाक कदम, मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल
चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा के विकास खंड सलूणी के भसुआ गांव में एक 18 साल की लड़की का शव घर में फंदे से लटका मिला है। जानकारी के अनुसार, यह घटना बुधवार सुबह 11.30 बजे की है। परिजनों ने बताया कि मृतका की मां चूल्हा जलाने के लिए जंगल से लकड़ियां लेकर वापस लौटी तो घर पहुंचते ही उसने देखा कि उसकी बेटी घर में फंदे के साथ लटकी हुई थी। उसने आनन-फानन में किसी तरह फंदा खोल कर बेटी को फंदे से नीचे उतारा- जो कि बेसुध हालत में थी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
मृतका की मां ने आसपास के लोगों की मदद से बेटी को किहार अस्पताल पहुंचाया। लेकिन काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान शांति कुमारी के रूप में हुई है, उधर ,मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चंबा अस्पताल भेज दिया। साथ ही मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों के बयान कलमबद्ध कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
SP चंबा अभिषेक यादव ने कहा कि….
मामले की पुष्टि करते हुए SP चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। मृतका के परिजनों ने अभी तक किसी पर कोई संदेह जाहिर नहीं किया है।